सावन में शिवभक्ति की अलौकिक छटा, मुख्यमंत्री ने किया रूद्राभिषेक

रायपुर, सावन मास की पावन बेला पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर की भव्य कांवड़ यात्रा में भाग लेते हुए भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव का रूद्राभिषेक किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

गुढ़ियारी मारूति मंगलम से शुरू हुई इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा और लोकआस्था का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा न केवल शिवभक्ति का पर्व है, बल्कि सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक जागरण का माध्यम भी है। महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर की धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने इसे श्रद्धा का केंद्र बताया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, मंत्रीगण, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत समेत कई जनप्रतिनिधि, संत और नागरिक मौजूद रहे।

कांवड़ यात्रा ने राजधानी को शिवमय बना दिया और श्रद्धा, संस्कृति व समरसता का संदेश दिया।