समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

मोहला, 29 जुलाई। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने बच्चों के जाति व निवास प्रमाण पत्र के दस्तावेज शीघ्र संकलित करने और स्कूलों में शिविर लगाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के पेंशन प्रकरण, स्वास्थ्य विभाग में गैर–संचारी रोगों की रोकथाम हेतु विशेष शिविर और सिकल सेल कार्ड वितरण को प्राथमिकता देने को कहा।

धान हमालों के लंबित भुगतान के मामले को लेबर कोर्ट भेजने के निर्देश श्रम अधिकारी को दिए। एनएच की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता और शेष कार्य वर्षा के बाद शुरू करने को कहा। मत्स्य विभाग की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित सहायक संचालक को शोकाज़ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग को पीएम मातृ वंदना योजना व स्वच्छता कार्यों को गंभीरता से लेने को कहा। वन विभाग को वनोपज पर कार्ययोजना बनाने तथा पीएम विश्वकर्मा योजना के अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत CEO श्रीमती भारती चंद्राकर समेत अधिकारी मौजूद रहे।