रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेला गया भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे इंटरनेशनल मैच भारत के गेंदबाजों के नाम रहा। जबरदस्त भारतीय गेंदबाजी से ताश के पत्तों की तरह न्यूजीलैंड की टीम बिखर गई। 109 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 2 विकेट खोकर मैच के साथ ही तीन मैचों की सीरीज पर कब्जा जमा लिया। लो स्कोरिंग मैच को भारतीय टीम ने 8 विकेट से अपने नाम किया।

दरअसल रायपुर में हुए पहले इंटरनेशनल वनडे मैच को लेकर खासा उत्साह छत्तीसगढ़,रायपुर सहित देशभर के दर्शकों में था। पूरा स्टेडियम खचाखच भरा था। तमाम क्रिकेट प्रेमी चौकों और छक्कों की बारिश के साथ पहले वनडे की तरह ही रोमांचक मैच होने की उम्मीद लगाए थे। रनों का पहाड़ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लेकर उतरी भारतीय टीम के गेंदबाजों ने खड़े नहीं होने दिया। भारतीय गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह पूरी न्यूजीलैंड की टीम बिखर गई। शानदार गेंदबाजी का भारतीय फैंस ने भरपूर आनंद लिया और जमकर सेलिब्रेशन किया।

भारतीय बॉलिंग के सामने न्यूजीलैंड की टीम पूरी टीम धराशाई हो गई। भारत को जीत के लिए 109 रनों का लक्ष्य दिया। भारत की ओर से गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 3 हार्दिक पांड्या व वाशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट लिए। 109 रनों के पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने दो विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 51 रन बनाए। इसी के साथ भारतीय टीम ने दूसरे वनडे मैच मैच और सीरीज को 2-0 से अपने नाम कर लिया।

पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी कीवी टीम की शुरुआत काफी खराब रही। पूरे स्कोर के आधे में ही आधी न्यूजीलैंड की टीम पेवेलियन लौट चुकी थी। 34.3 ओवर में न्यूजीलैंड की टीम 108 रन ही बना सकी और ऑल आउट हो गई। दूसरी पारी की शुरुआत कर भारतीय बल्लेबाजों ने 20.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाकर मैच जीत लिया। अब तीसरा और सीरीज का अंतिम वनडे मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में 24 जनवरी को खेला जाएगा।
