रायपुर। एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 14.613 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला व पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के मॉनिटरिंग में की गई।
अमलीडीह स्थित मेडिसाइन अस्पताल के पास घेराबंदी कर तुषार नितिन पवार (21), किरण सीताराम काये (25) दोनों निवासी पुणे (महाराष्ट्र) तथा दीपक तोमर (33) निवासी मुरैना (मध्यप्रदेश) को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 14.613 किलो गांजा (कीमत लगभग ₹7.30 लाख), दो मोबाइल फोन व नगदी ₹1,000 सहित कुल ₹7.51 लाख का मशरूका जब्त किया गया।
तीनों के विरुद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 84/26, धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक 15 मामलों में 33 आरोपियों से 156 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है।
