रायपुर। पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में कैमरा और वॉकी-टॉकी से नकल के मामले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के रोजगार के अधिकार को बेच रही है और भर्ती घोटालों का रैकेट सत्ता संरक्षण में चल रहा है।
बैज ने आरोप लगाया कि बीते 18 महीनों में वनरक्षक, पुलिस आरक्षक, आरआई प्रमोशन सहित लगभग हर भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी हुई है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि पीडब्ल्यूडी भर्ती घोटाले की जांच हाईकोर्ट के वर्तमान जजों या केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए।
कांग्रेस ने कहा कि जिन पर देशभर में नीट घोटाले का आरोप है, उन्हें छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार यूपीएससी पैटर्न की बात कर युवाओं को भ्रमित कर रही है। कांग्रेस ने भाजपा पर परीक्षा पारदर्शिता को खत्म करने और जिम्मेदारों को बचाने का आरोप लगाया।
