रायपुर, 9 जुलाई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मैनपाट में भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने मैनपाट को शांति और समावेश की नई पहचान बताया। मुख्यमंत्री ने तिब्बती समुदाय के आत्मीय स्वागत के लिए आभार जताया और 30 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें बौद्ध मंदिर तक सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख और मंदिर शेड के लिए 20 लाख रुपये शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बौद्ध परंपरा की गहरी जड़ें हैं और सिरपुर इसकी समृद्ध विरासत का उदाहरण है। उन्होंने दलाई लामा के 90वें जन्मदिवस का स्मरण करते हुए शांति और करुणा के संदेश को आज की जरूरत बताया।
मुख्यमंत्री ने मैनपाट में पर्यटन विकास को प्राथमिकता देने और होम स्टे को प्रोत्साहन देने की बात कही। कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक रामकुमार टोप्पो, तिब्बती समुदाय के प्रमुख सदस्य और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
