रायपुर, 09 जुलाई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा के मैनपाट प्रशिक्षण शिविर को ‘सरकारी पिकनिक’ करार देते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब किसान खातू-खाद के लिए भटक रहे, धान भीग रहा और बस्तियां जलमग्न हैं, तब पूरी सरकार मस्ती में मशगूल रही।
बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार न तो खरीफ की तैयारी कर पा रही है, न ही पिछले साल के धान का संरक्षण। 30 लाख मीट्रिक टन धान खुले में भीग चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार अडानी की खदानों के लिए जंगल काट रही, मगर सरगुजा में चिंतन शिविर में इस पर चर्चा तक नहीं हुई।
कांग्रेस ने प्रदेश की बिगड़ी शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। एक माह बीतने के बाद भी बच्चों को किताबें नहीं मिलीं, शिक्षक कम हैं, और स्कूलों की हालत खराब है।
बैज ने मांग की कि सरकार बारिश से प्रभावित बस्तियों में तत्काल राहत कार्य शुरू करे।

