रायपुर सांसद व भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने हैदराबाद में कोयला एवं खान मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक में हिस्सा लेते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश की ऊर्जा ज़रूरतों की रीढ़ है। उन्होंने राज्य में बंद खदानों की सुरक्षा, पुनः उपयोग और खनिज चोरी रोकने के लिए निगरानी प्रणाली की मांग की।
धमदा हादसे का जिक्र करते हुए उन्होंने बंद खदानों को भरने के लिए फ्लाई ऐश के इस्तेमाल का सुझाव दिया और कहा कि ऐसी जमीन किसानों को खेती के लिए दी जा सकती है।
सांसद अग्रवाल ने खनन क्षेत्रों में वृक्षारोपण, शिक्षा, स्वास्थ्य व जल सुविधाओं की अनिवार्यता की मांग की। उन्होंने कहा कि पायलीखंड और जशपुर जैसे इलाकों में हीरे व बहुमूल्य रत्नों की खोज प्राथमिकता पर होनी चाहिए।
अंत में उन्होंने छत्तीसगढ़ में माइनिंग ब्यूरो और GSI व NMDC के क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की मांग की, ताकि खनिज संपदा का वैज्ञानिक और पारदर्शी दोहन हो सके।
