रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर 14 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर | थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी रूपेश कुमार साहू (24 वर्ष) और उसके पिता चेतराम साहू (45 वर्ष) ने एक ही परिवार के कई सदस्यों से मिलकर कुल ₹14,37,063 की ठगी की।

प्रार्थिया चेतना साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2023 से लेकर नवंबर 2024 तक रूपेश साहू ने खुद को रेलवे अधिकारी बताकर दस्तावेज और पैसे लिए। भोपाल और बड़ोदरा में फर्जी इंटरव्यू और मेडिकल कराए गए, नकली कॉल लेटर दिए गए और बार-बार पैसे की मांग की गई।

इसके अलावा, कुणाल साहू से रेलवे में वाहन लगाने के नाम पर गाड़ी खरीदवाई गई और ₹55,000 की सिक्योरिटी ली गई, लेकिन गाड़ी प्राइवेट कंपनी में चलाई जा रही थी।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जांच टीम में निरीक्षक योगेश कश्यप, एएसआई तुलसीराम साहू, प्रधान आरक्षक अनिल पांडे, आरक्षक जितेंद्र साहू व सुनील शुक्ला शामिल रहे।