ऑपरेशन साइबर शील्ड: म्यूल बैंक अकाउंट मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर | रायपुर रेंज के “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत रेंज साइबर थाना रायपुर ने म्यूल बैंक अकाउंट धारकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी फर्जी शेयर ट्रेडिंग ऐप, टेलीग्राम टास्क, गूगल रिव्यू और केवाईसी अपडेट के नाम पर की जा रही ऑनलाइन ठगी में बैंक खाते किराए या कमीशन पर उपलब्ध कराते थे।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देश पर साइबर क्राइम पोर्टल में चिन्हित खातों की जांच कर थाना सिविल लाइन में दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विवेचना में खातों के ट्रांजैक्शन, डिजिटल साक्ष्य और ठगी के पैटर्न के आधार पर गिरफ्तारी की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में राजेश तांडी, शब्बीर खान, अजय तांडी, गजेन्द्र ध्रुव, जीतेश दास, किशोर छाबड़ा, सचिन लिलहारे और अब्दुल गनी मेमन शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

पुलिस ने बताया कि जांच में और भी लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।