गढ़चिरौली/राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की स्पेशल यूनिट C-60 और CRPF की संयुक्त कार्रवाई में पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जो सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बना रहे थे। इनमें एक वरिष्ठ माओवादी डीवीसीएम, एक पीपीसीएम और तीन प्लाटून सदस्य शामिल हैं। गिरफ्तार माओवादियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और संचार उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर चली कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल को गुप्त सूचना मिली थी कि भामरागढ़ उपमंडल के लाहेरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिनगुंडा गांव में 50 से 60 माओवादी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए एकत्र हो रहे हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सी-60 की 8 टीमों और CRPF की 37वीं बटालियन की ‘ए’ कंपनी को जंगल में भेजा गया। सोमवार सुबह ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने बिनगुंडा गांव को चारों ओर से घेर लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
गोलाबारी से बचते हुए की गिरफ्तारी
जंगल में माओवादी पुलिस दल पर घात लगाकर हमला करने की फिराक में थे। हालांकि, गांव में आम नागरिकों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षाबलों ने संयम बरतते हुए गोलीबारी नहीं की और पांच माओवादियों को जीवित गिरफ्तार कर लिया। अन्य माओवादी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार माओवादियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए माओवादियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- उंगी मंगरू होयम उर्फ सुमली (डीवीसीएम, प्लाटून नं. 32), उम्र 28 वर्ष, निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर (छत्तीसगढ़)
- पल्लवी केसा मीडियम उर्फ बूंदी (पीपीसीएम, प्लाटून नं. 32), उम्र 19 वर्ष, निवासी कोंचल, जिला बीजापुर (छत्तीसगढ़)
- देवे कोसा पोडियाम उर्फ सबिता (सदस्य, प्लाटून नं. 32), उम्र 19 वर्ष, निवासी मारोत बाका पंचायत, जिला बीजापुर (छत्तीसगढ़)
4-5. दो अन्य नाबालिग माओवादी, जिनकी उम्र के पुख्ता साक्ष्य न मिलने के कारण उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
बरामदगी और इनाम
इन माओवादियों के पास से 1 SLR राइफल, 1 .303 राइफल, 3 सिंगल शॉट राइफल, 2 हैंडगन, 3 वॉकी-टॉकी सेट और अन्य सामग्री बरामद की गई है। महाराष्ट्र सरकार ने इन पांचों माओवादियों पर कुल 36 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
साल 2022 से अब तक 103 गिरफ्तारियां
गढ़चिरौली पुलिस की माओवादी विरोधी कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2022 से अब तक कुल 103 माओवादी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। बिनगुंडा में हुई यह कार्रवाई माओवादियों के नेटवर्क को कमजोर करने में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
गढ़चिरौली जिला माओवादी हिंसा से लंबे समय से प्रभावित है, जहां वे अक्सर सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाते हैं और सुरक्षा बलों पर हमले करते हैं। ऐसे में सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

