जेसीबी को बीच रास्ते छोड़ ड्रायवर हुआ फरार
डोंगरगांव । क्षेत्र में मुरूम माफिया खेत बनाने के नाम पर मुरूम का अवैध रूप से उत्खनन कर शासन प्रशासन के नाक में दम कर रखा है। बगैर रायल्टी के चल रहे अघोषित खदानों में कार्यवाही के लिए खनिज विभाग कहीं भी दिखाई नहीं देती। वहीं क्षेत्र के राजस्व अधिकारी कार्यवाही के लिए आगे आते हैं, तो जनप्रतिनिधि इसमें संलिप्त होकर खनिज माफियाओं को संरक्षण देने का प्रयास करते दिखते है। ऐसा ही एक मामला ग्राम चिचदों में हो रहे मुरूम का अवैध उत्खनन का है। जहाँ से बड़ी मात्रा में मुरूम उत्खनन कर हाईवा में भरकर अन्यत्र ले जाया जा रहा था।
औचक निरीक्षण के दौरान मौके पर
दबिश देते हुए कुमरदा तहसीलदार आकांक्षा साहू ने अपनी टीम जिसमें आरआई जया ठाकुर एवं पटवारी रचित गुप्ता के साथ मुरूम से भरा हुआ एक हाईवा क्रमांक सीजी 08 बीडी 6924 एवं इस कार्य में लगे जेसीबी क्रमांक सीजी 08 बीसी 6575 को जब्त कर माइनिंग एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए डोंगरगांव थाने में सुपुर्द किया गया है। राजस्व टीम के व्दारा कार्यवाही कर दोनों वाहनों को थाने पहुंचाया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम माथलडबरी तालाब के पास जेसीबी ड्रायवर द्वारा चालाकी करते हुए जेसीबी को खड़ा कर चाबी लेकर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस की टीम द्वारा जेसीबी को थाने पहुंचाया गया।

