रायपुर।क्रेडा विभाग द्वारा ऊर्जा एवं जल संरक्षण विषय पर प्रतिवर्ष किसानों की जागरूकता हेतु कार्यशाला का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर ऊर्जा एवं जल संरक्षण के महत्व पर जागरूकता फैलाने और ऊर्जा दक्षता एवं ऊर्जा संरक्षण में राष्ट्र की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाता है। इसी कड़ी में क्रेडा जिला कार्यालय, रायपुर द्वारा दिनांक 27 नवंबर 2024 को जागरूकता कार्यक्रम सह अर्द्धदिवसीय कार्यशाला का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र रायपुर में किया गया। जिसमें जिले के लगभग 100 किसानों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में लाईव पंप का डेमोंस्ट्रेशन भी किया गया एवं जागरूकता रैली भी निकाली गई।
इस अवसर पर आकाश शर्मा, जिला प्रभारी क्रेडा, रायपुर ने मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नेतृत्व तथा क्रेडा के सी.ई.ओ. राजेश सिंह राणा के मार्गदर्शन में प्रदेश में ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में क्रियान्वित तथा संचालित की जा रही समस्त योजनाओं एवं प्रयासों की जानकारी दी गई। इसके अलावा समस्त कृषकों को ऊर्जा संरक्षण के बारे में जानकारी देते हुये उच्च ऊर्जा दक्षता तथा स्टार रेटेड पंपों एवं उपकरणों के उपयोग के विषय में जानकारी भी दी गई तथा वैश्विक स्तर पर भारतीय मानक ब्यूरों के दिशा निर्देशों के बारे में बताया गया।
कार्यशाला में समस्त कृषकों को सौर सुजला योजना, पी.एम. सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, बायोगैस कार्यक्रम तथा क्रेडा द्वारा विकसित सौर समाधान ऐप जिसका विमोचन मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दिनांक 18.11.2024 को किया गया है, की जानकारी भी दी गई। इस ऐप के माध्यम से प्रदेश अंतर्गत सौर ऊर्जा से संबंधित समस्त परियोजनाओं की जानकारी प्रदेश की जनता को उपलब्ध होगी साथ ही प्रदेश अंतर्गत क्रेडा द्वारा स्थापित समस्त सौर संयंत्रों के प्रभावी संचालन / संधारण एवं मॉनिटरिंग भी किया जायेगा। इस ऐप को गुगल प्ले स्टोर में सौर समाधान-CGCREDA लिखकर डाऊनलोड किया जा सकता है।
कार्यशाला में इंदिरा गांधी कृषि विश्व विद्यालय, रायपुर के डीन जी. के. दास, आकाश शर्मा क्रेडा जिला प्रभारी रायपुर, गौतम रॉय, प्रोजेक्ट हेड एवं साइंटिस्ट, प्रियंका पचौरी प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर, आदित्य बघेल सहायक अभियंता, नाथूराम मंडावी उप अभियंता, सुनील कुमार टोप्पो उप अभियंता एवं अन्य कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
