सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन ई रिक्शा एवं सवारी ऑटो चालकों की हुई जांच

 

रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश बढ़ई के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस रायपुर की ओर से 11 जनवरी से 17 जनवरी तक 33वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। इसमें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं लोगों में यातायात नियमों की जानकारी एवं पालन करने के लिए प्रेरित करने लगातार शहरों एवं देहात क्षेत्रों में जाकर अनेक जन जागरुकता कार्यक्रम चलाया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जिले के देहात क्षेत्र ग्राम पंचायत कुरा एवं धरसीवां में लोगों को जागरूक किया गया।

यातायात जन जागरुकता कार्यक्रम के तहत शहर के छत्तीसगढ़ कॉलेज एवं एनआईटी में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। बता दें कि यातायात पुलिस रायपुर जिले की सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, लोगों में अधिक से अधिक जन जागरुकता लाने के लिए समय-समय पर यातायात जन जागरुकता अभियान के तहत अनेक कार्यक्रम आयोजित करती है। इसमें शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण देहात क्षेत्रों के गांव में भी जाकर यातायात नियमों की जानकारी एवं पालन करने के लिए निर्देशित किया जाता है।

इसी कड़ी में सड़क सुरक्षा सप्ताह 11 जनवरी से 17 जनवरी तक जिले के लगभग 40 ग्राम पंचायतों में यातायात पुलिस की ओर से जन जागरुकता कार्यक्रम चलाया गया। साथ ही शहर के विभिन्न 34 स्कूलों में यात्रा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सड़क सुरक्षा सप्ताह के सातवें दिवस ई-रिक्शा एवं सवारी ऑटो चालकों का स्वास्थ्य नेत्र परीक्षण शिविर एवं यातायात प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन साइंस कॉलेज ग्राउंड रायपुर में संपन्न हुआ। लगभग 600 की संख्या में ऑटो चालक उपस्थित हुए। उक्त ऑटो चालक को उप पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर गुरजीत सिंह एवं यातायात प्रशिक्षण सहायक उप निरीक्षक टीके भोई ने यातायात नियमों की बारीकी से जानकारी दी। साथ ही वाहन संचालन के दौरान यातायात नियमों का पालन करने यातायात सिग्नल का पालन करने एवं सवारियों से सदव्यवहार करने निर्देशित किया गया। साथ ही वाहन में सवारियों का सामान छूट जाने पर तत्काल नजदीकी यातायात थाना अथवा नजदीकी थाने में सामान जमा कर नोट कराने निर्देशित किया गया।

उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान ऑटो चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें सभी ऑटो चालकों का निशुल्क नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्राम पंचायतों में चलाया गया यातायात जन जागरुकता कार्यक्रम

सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत लगातार सातवें दिवस नुक्कड़ नाटक टीम की ओर से जिले के ग्राम पंचायत कुर्रा एवं ग्राम पंचायत धरसीवा में यातायात जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नुक्कड़ नाटक टीम के सदस्यों ने गीत संगीत एवं नाटक के माध्यम से यातायात नियमों का पालन न करने से होने वाले जान हानि को प्रदर्शित किया। साथ ही नियमों का पालन करने से होने वाले फायदों को बताया गया।

इस दौरान टीम का संचालन करने वाले सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर देवांगन द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को यातायात नियमों के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही नियमों का पालन कर वाहन चलाने हेतु निर्देशित किया गया।

यातायात पुलिस ने की अपील

वाहन चालकों से अपील है कि हमेशा नियमों का पालन कर वाहन चलाएं। यातायात संसाधन एवं उपकरणों का अनिवार्यता उपयोग करें। यह आपके सुरक्षा के लिए बनाया गया है। दो पहिया वाहन संचालन के दौरान अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें एवं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाना न भूलें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चालन दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करें, दोपहिया में तीन सवारी न चले , रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं एवं सबसे जरूरी बात नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें।