रोज रोज लड़ाई झगड़े से परेशान शराबी पिता को बेटे ने उतारा मौत के घाट,पुलिस ने किया गिरफ्तार

0 ग्राम हालाडुला (कुमरदा) की घटना

डोंगरगांव : ग्रामीण क्षेत्रों में शराब आदि नशा अब परिवार में लड़ाई झगड़े के साथ हत्या का कारण भी बनते जा रहा है। शराब के नशे में पिता द्वारा रोज रोज घर में वाद विवाद व लड़ाई झगड़े से परेशान बेटे ने अपने पिता की टंगिया मारकर हत्या कर दी। मृतक आदतन शराबी बताया जाता है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार घटना कल 30 मई गुरूवार की रात्रि का बताया जा रहा है। समीपस्थ ग्राम हालाडुला (कुमरदा) निवासी शेषलाल नेताम आ. मंगलाराम नेताम (46 वर्ष) कर्नाटक में मजदूरी करता है। वह इन दिनों अपने गांव आया हुआ है। घर में उनकी पत्नि, दो पुत्र व एक पुत्री निवास करते हैं। बताया जाता है कि शेषलाल जब से गांव आया था, तबसे रोज ब रोज शराब पीकर घर आता था और किसी न किसी बात को लेकर अपनी पत्नि से वाद विवाद व मारपीट करता था। यहां तक कि बच्चों से भी वह दुव्र्यहार करते रहता था।
घटना की जानकारी के अनुसार कल 30 मई की रात्रि भी वह शराब के नशे में अपने घर पहुंचा और किसी बात को लेकर वाद विवाद करने लगा। रात ज्यादा होने पर जब उसकी पत्नि मीनाबाई उसको खाना खाने बोली तो वह और भडक़ गया तथा अत्यधिक उत्तेजित होते हुए घर में रखे टंगिया से अपनी पत्नि को मारने दौड़ा। इस बीच उसका बड़ा लडक़ा जितेन्द्र नेताम (20 वर्ष) बीच बचाव के लिए सामने आया और अपने पिता के हाथ से टंगिया को छिन लिया। इससे शेषलाल और भडक़ गया और सामने पड़े लाठी से अपने पुत्र को ही मारने दौड़ा। इस बीच रोज रोज के लड़ाई झगड़े से परेशान जितेन्द्र गुस्से में आ गया और अपने हाथ में रखे टंगिया से अपने पिता के सिर पर ही वार कर दिया। एक ही वार से शेषलाल का सिर फट गया और वह वहीं पर ढेर हो गया।
वारदात के बाद घटना की सूचना कुछ गांव वालों ने स्थानीय थाने में दी, जिसके बाद आज सुबह पुलिस मौकाये वारदात पर पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं पूछताछ के बाद वारदात को अंजाम देने वाले जितेन्द्र को अपनी गिरफ्त में लेकर थाने पहुंची। आज दिन में पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव को परिवारजनों को सौंप दिया गया। जबकि, घटना के पुलिस ने मामले को विवेचना में लिया है।
बता दें कि गांव गांव में बिकने वाली शराब के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के घरों में वाद विवाद की स्थिति सामान्य बात हो गई है। प्रदेश में ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं जिसमें शराब के नशे में परिवार में वाद विवाद, लड़ाई झगड़े में हत्या जैसा जघन्य अपराध भी होने लगे हैं। बताया जाता है कि कुमरदा क्षेत्र के ग्राम पहलवान चारभांठा में खुलेआम कोचियों द्वारा शराब भट्ठी संचालित की जा रही है, जिसको पकडऩे में पुलिस के भी हाथ कांपते हैं।