राजनांदगांव।जिला के डोंगरगांव अंचल के विभिन्न ग्रामों में अवैध रूप से ईंट निर्माण, साथ में पर्यावरण को जबर्दस्त नुकसान पहुंचाये जाने की खबरों के बीच आज अचानक शासन प्रशासन ने ऐसे अवैध भट्ठों के विरूद्ध कार्यवाही की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डोंगरगांव तथा खुज्जी विधानसभा के विभिन्न ग्रामों में राजस्व अमले ने नवपदस्थ एसडीएम मनोज कुमार मरकाम के निर्देश पर ईंट भट्ठों में दबिश दी। इस दौरान कई ग्रामों में अवैध रूप से ईंट बना रहे कुम्हार परिवारों के विरूद्ध कार्यवाही की जानकारी है।
देर शाम तक जारी कार्यवाही में जो शुरूआती जानकारी निकलकर आई है, उसके अनुसार एक राजस्व निरीक्षक ने ही तीन ग्रामों में दबिश देकर लगभग 4 लाख अवैध ईंटों की जप्ती बनाकर ग्राम कोटवार तथा सरपंच के सुपुर्दनामे किया है। इसी तरह की कार्यवाही अन्य राजस्व
निरीक्षकों द्वारा अपने अपने क्षेत्रों में की जा रही है, लेकिन शाम होने के कारण संपूर्ण जानकारी नहीं मिल सकी है।
जानकारी के अनुसार इन दिनों क्षेत्र में अवैध रूप से ईंट बनाये जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।भट्ठों में ईंट बनाये तो जाते हैं, लेकिन उसको पकाने के लिए आसपास के पेड़ों का बिना अनुमति काटा जाता है। इससे न सिर्फ पर्यावरण को जबर्दस्त नुकसान होता है, वर-सरकार को भी बड़ी मात्रा में राजस्व की हानि होती है। स्वयं के मकान निर्माण हेतु ईंट बनाये जाने की आड़ में काश्तकार बेचने के लिए ईंटों का निर्माण करता है, जिसे अवैध माना जाता है।
जानकारी मिली है, उसके अनुसार राजस्व निरीक्षक अवध राम ठाकुर ने अपने अधिनस्थ हल्का नं. 16 के विभिन्न ग्रामों में अकस्मात दबिश दी है और तीन स्थानों पर अवैध ईंट भट्ठों पर कार्यवाही की। पहले प्रकरण में प्रभुनाथ आ. दशरथ कुम्हार निवासी ग्राम बाजार नवागांव से 1 लाख 80 हजार ईंट, दूसरे प्रकरण में राजेश आ. रतिराम कुम्हार निवासी बाजार नवागांव से 1 लाख 60 हजार ईंट तथा तीसरे प्रकरण में इन्द्रलाल आ. घुरऊ कुम्हार से 40 हजार ईंट जप्त किया गया। जानकारी के अनुसार अभी अन्य क्षेत्रों में की गई जप्ती कार्यवाही की जानकारी आना बाकी है। जिसके बाद काश्तकारों तथा जप्त ईंटों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। कार्यवाही में आरआई सहित अनेक पटवारी आदि शामिल थे।
