
बैठक में अपने विचार रखते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने पार्टी नेताओं से पांच बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। किरण देव ने नेताओं से कहा कि वे स्वयं तो नमो एप से अधिक से अधिक जुड़ें, साथ ही अन्य लोगों को भी जोड़ें। भाजपा नेता नमो एप का ब्रांड एंबेसडर बनें। किरण देव ने कहा कि आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा हो रही है। सैकड़ों वर्ष के सतत संघर्ष के बाद राष्ट्रीय स्वाभिमान व गौरव के इस क्षण के हम साक्षी बनने जा रहे हैं, यह हमारा सौभाग्य है और इसलिए यह महोत्सव हम सब दीपोत्सव के रूप में मनाएँ।
श्री देव ने आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 11 सीटें जीतने के लक्ष्य को दुहराते हुए नेताओं से इसके लिए संकल्पित होकर जुटने का आह्वान किया। केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर एक बार फिर जनता के बीच जाकर ‘मोदी की गारंटी’ पर व्यापक चर्चा पर जोर देते हुए श्री देव ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी, नेता और जनप्रतिनिधि विकसित भारत संकल्प यात्रा में सारे कार्यकर्ताओं को साथ लेकर उसे सफल बनाने में जुट जाएँ। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री साय और पूर्व नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने भी उपस्थित नेताओं का मार्गदर्शन किया।
