रायपुर। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, रायपुर की ओर से छत्तीसगढ़ राज्य के स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 24 मार्च को प्लेसमेंट कैम्प लगाया जाएगा। यह प्लेसमेंट कैम्प एक्सटेंशन काउंटर कमर्शियल कॉम्पेलक्स राखी, सेक्टर 25, नवा रायपुर अटल नगर में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
जिला रोजगार विभाग रायपुर के उपसंचालक एओ लॉरी ने बताया कि इस प्लेसमेंट कैम्प के माध्यम से अलर्ट एसजीएस प्रायवेट लिमिटेड रायपुर द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड,असिस्टेंट सुपरवाइजर, सिक्यूरिटी सुपरवाइजर एवं कारपेंटर के 225 पदों पर 8वीं से स्नातक/ स्नात्तकोत्तर एवं कारपेंटरी के कार्यानुभवी आवेदकों की भर्ती 8 से 14 हजार प्रतिमाह की दर पर की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्लेसमेंट कैम्प में सम्मिलित होने योग्य एवं इच्छुक आवेदक निर्धारित तिथि एवं स्थल पर उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला रोजगार कार्यालय रायपुर में भी संपर्क कर सकते हैं।
