रायपुर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा,राम दरबार की झांकी के साथ महाराष्ट्र और बनारस के ढोल के रहेंगे आकर्षण का केंद्र

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चैत्र नवरात्र रामनवमी के पावन अवसर पर रामराज परिवार की ओर से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की भव्य शोभायात्रा 21 मार्च को निकाली जाएगी। रामराज परिवार के अध्यक्ष अजय गवली ने बताया कि शोभायात्रा भगवा रंग के साथ पूरी तरह छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपराओं परिपूर्ण रहेगी। इसमें मुख्य आकर्षण का केंद्र महाराष्ट्र के 110 युवक एवं युवतियों का ढोल बाजा ग्रुप एवं बनारस के डमरु ढोल बाजा के साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति के अनुरूप बस्तरिया बाजा, पंथी नृत्य, सुआ, कर्मा और ददरिया नृत्य एवं अखाड़ा रहेगा।

गवली ने बताया कि 21 मार्च मंगलवार की शाम 7 बजे से बूढ़ापारा हनुमान मंदिर से श्रीराम की पूजा अर्चना कर सप्रे शाला मैदान बिजली ऑफिस चौक, सदर बाजार, पुरानी बस्ती थाना, बूढ़ेश्वर मंदिर, होते हुवे बुढ़ापार हनुमान मंदिर मे समापन होगा।

रामराज परिवार के संयोजक प्रदीप साहू ने बताया कि चैत्र नवरात्र एवं रामनवमी के पावन अवसर पर हर वर्ष भगवान श्रीराम की भव्य शुभयात्रा निकाली जाती है। इसी के तहत इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। अमन मंडावी अभय शर्मा, सुनील कुकरेजा, अरुण सिंह, धीरज बावनकर ने कहा कि शोभायात्रा में कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसमें नदीम भाई फूल की वर्षा कर स्वागत करेंगे। नाहटा मार्केट में बसंत दमबानी की ओर से प्रसाद वितरण एवं सददनी चौक में दिनेश शर्मा की ओर से शरबत वितरण, पुरानी बस्ती थाना के समीप बबला शर्मा की ओर से भंडारा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा बूढ़ेश्वर मंदिर होते हुवे बूढ़ापारा हनुमान मंदिर में समाप्त होगी।

प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से रामराज परिवार अध्यक्ष अजय गवली सयोंजक प्रदीप साहू, सुनील कुकरेजा,अमन मंडावी, अरुण सिंह,अभय शर्मा, धीरज बावनकर, रोहित प्रधान, दिनेश साहू आदि उपस्थित थे।