रायपुर/ पं. जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के पैथालाॅजी विभाग के आतिथ्य में पैथालाॅजी का छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय दो दिवसीय 17वाँ वार्षिक अधिवेशन (CAPCON- 2022-23) 4 व 5 फरवरी 2023 को आयोजित किया जा रहा है। महाविद्यालय परिसर में स्थित नवनिर्मित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में सम्पन्न होने वाले इस महत्वपूर्ण कान्फ्रेन्स में छत्तीसगढ़ राज्य के लगभग 150 शासकीय एवं निजी पैथालाॅजिस्ट भाग लेंगे। इसके औपचारिक शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. अशोक चन्द्राकर और मुख्य आतिथ्य श्री आर. प्रसन्ना, सचिव स्वास्थ्य करेंगे। इनके अतिरिक्त संचालक स्वास्थ्य शिक्षा डाॅ. विष्णु दत्त, अधिष्ठाता डाॅ. तृप्ति नागरिया, अधीक्षक डाॅ. एस.बी.एस. नेताम, छत्तीसगढ़ पैथालाॅजी संघ (आई.ए.पी.एम.सी.जी.) के अध्यक्ष डाॅ. रेणुका गहिने और सचिव डाॅ. जयन्ती चन्द्राकर उपस्थित रहेंगे।
अधिवेशन के आयोजन अध्यक्ष प्रोफेसर डाॅ. अरविन्द नेरल ने बताया कि इस कॉन्फ्रेंस में तिरूनवेली मेडिकल काॅलेज तमिलनाडु के डाॅ. के. स्वामीनाथन ब्रेस्ट लीजन्स के निडिल कोर बायोप्सी और डर्मेटाइटिस की हिस्टोपैथोलॉजी पर अपने व्याख्यान देंगे। बेंगलुरु के किदवई मेमोरियल आंकोलॉजी संस्था की एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. सुमा शेषाद्री एंडोमेट्रियल बायोप्सी और एंडोमेट्रियल ट्यूमरस के मॉलेक्युलर अपडेट पर अपने विचार रखेंगी। हैदराबाद के एल.व्ही. प्रसाद नेत्र संस्थान के पैथोलॉजी विशेषज्ञ डाॅ. डी.के. मिश्रा आँखों के विभिन्न हिस्सों की हिस्टोपैथोलॉजी पर अपनी प्रस्तुति देंगे। नागपुर के प्रसिद्ध हिमेटोलाॅजिस्ट डाॅ. अविनाश पोफली माइलोप्राॅलिफरेटिव डिसऑर्डर और पेरिफेरल स्मीयर्स पर अपने अनुभव साझा करेंगे। इनके अलावा राजनांदगांव मेडिकल काॅलेज की डीन डाॅ. रेणुका गहिने इनफर्टिलिटी पर और प्रोफेसर डाॅ. राबिया परवीन सिद्दीकी कुछ विशेष हिस्टोपैथोलॉजी केसेस प्रस्तुत करेंगी। चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर के पैथोलॉजी विभाग के शिक्षक हिस्टोपैथोलॉजी में हो रहे नवाचार पर चर्चा करेंगे। पैथोलॉजी में एम.डी. कर रहे स्नातकोत्तर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक अवधारणा विकसित करने और उनके उत्साहवर्धन के लिये उन्हें फ्री- पेपर, पोस्टर प्रेजेंटेशन और पैथोलॉजी क्विज में भाग लेने का अवसर दिया जायेगा और विजेताओं को पुरस्कृत किया जायेगा।
इस वृहद वैज्ञानिक व शैक्षणिक अधिवेशन के सफल क्रियान्वयन के लिये आयोजन समिति बनायी गई है। डाॅ. अरविन्द नेरल आयोजन अध्यक्ष, डाॅ. राबिया परवीन सिद्दीकी आयोजन सचिव, डाॅ. चन्द्रकला जोशी सह सचिव है। समिति के अन्य सदस्य हैं – डाॅ. वर्षा पाण्डेय, डाॅ. अमित कुमार भारद्वाज, डाॅ. विजय कापसे, डाॅ. वनिता आदिले, डाॅ. रीति शर्मा, डाॅ. रूचि वर्मा, डाॅ. कस्तूरी मंगरूलकर, डाॅ. विकास बाम्बेश्वर, डाॅ. अनुभव चन्द्राकर, डाॅ. सरोज कुमारी, डाॅ. सूदित पाल, डाॅ. पुष्कर चैधरी, डाॅ. अविरल मिश्रा, डाॅ. मेघा वर्मा, डाॅ. सरिता ठाकुर, डाॅ. मिलौनी लांजेवार। अधिवेशन के समापन पर एसोसिएशन की सामान्य सभा होगी जिसमें आगामी वर्ष के लिये पदाधिकारियों का मनोनयन किया जायेगा।

