रायपुर। राजधानी रायपुर में बड़ी खबर सामने आई है। जूडो ने सीएम और हेल्थ मिनिस्टर से मिले आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म कर दी है और अब काम पर लौटेंगे। दरअसल मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन रायपुर का प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों को लेकर मिला। विस्तृत बातचीत में मुख्यमंत्री ने जूनियर डॉक्टर के सभी मुद्दों पर चर्चा की और मुद्दों के सकारात्मक हल के लिए जूडो सदस्यों से अलग-अलग बातचीत और सुझाव लिए।

आईएमए रायपुर अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमण्डल मुख्यमंत्री से मिला। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन से सभी स्तरों पर सकारात्मक चर्चा हुई और उनके मुद्दों को सहानुभूति पूर्वक हल निकालने के लिए स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आश्वस्त किया है।

उल्लेखनीय है कि 6 दिन से चली आ रही हड़ताल से पूरे प्रदेश के मरीजों को व्यवस्था ठप होने से तकलीफ हो रही थी। हड़ताल का औचित्य सकारात्मक बातचीत के बाद समाप्त हुआ। अस्पतालों की व्यवस्था को बहुत दिनों तक बंधक नहीं रखा जा सकता है।

जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन और उसके सदस्यों से अपील की गई है कि वह तत्काल मरीजों के हित में काम पर लौटे।

