रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को रायपुर प्रेस क्लब के पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में शामिल हुए। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित इस फेस्ट में उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारों के कार्य की सराहना की।
प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री के सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन से जुड़ी पुरानी तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई थीं। पहली बार विधायक बनने के समय की तस्वीर देखकर उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने खास तौर पर सफारी सूट सिलवाया था। खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरों ने उन्हें गांव और पुराने दिनों की याद दिलाई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने खुद कैमरा थामकर एक फोटो पत्रकार की तस्वीर खींची। उन्होंने कहा कि तस्वीरें केवल किसी घटना को दर्ज नहीं करतीं, बल्कि समय, समाज और स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजती हैं। उन्होंने ‘दृश्य संवाद 2026’ के आयोजन के लिए रायपुर प्रेस क्लब को बधाई दी।
प्रकृति और संस्कृति के दिखे रंग
फेस्ट में प्रकृति-पर्यावरण, संस्कृति-परंपरा, समाचार और जनसरोकार से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। इनमें छत्तीसगढ़ के जीवन और परिवेश के विविध रंग नजर आए। पांच दिनों में बड़ी संख्या में पत्रकारों, विद्यार्थियों, फोटोग्राफी प्रेमियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी देखी।
समापन समारोह में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा सहित पदाधिकारी, फोटो जर्नलिस्ट और गणमान्यजन मौजूद रहे।

