रायपुर, 12 जून। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने देर रात और तड़के सुबह विशेष अभियान चलाकर शहरभर में सघन जांच की। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 60 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल थे।
जांच के दौरान एक व्यक्ति आर्म्स एक्ट प्रकरण में संदेहास्पद मिला, जबकि मारपीट के मामलों से जुड़े दो आरोपी भी पकड़े गए। वहीं 12 दोपहिया और चारपहिया वाहन बिना नंबर प्लेट या संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जिनकी जांच जारी है।
पुलिस को कुछ स्थानों से गांजा की पुड़िया और शराब भी मिली। पूछताछ के बाद सभी को समझाइश देकर छोड़ दिया गया, जबकि नाबालिगों को परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने बताया कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

