हाईवे किनारे होटल-ढाबा संचालकों को पुलिस की हिदायत

रायपुर, 12 जून। धरसीवां थाना क्षेत्र में एनएच-30 किनारे संचालित होटल, ढाबा और पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना प्रभारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण नहीं करने, वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग कराने और अत्यधिक रोशनी का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी। होटल-ढाबा संचालकों को शराब सेवन व अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा गया।
पुलिस ने कर्मचारियों का परिचय व पहचान संबंधी दस्तावेज थाने में जमा कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में संचालकों ने सभी निर्देशों का पालन करने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन दिया।