रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि फिल्में केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कला, संस्कृति और सिनेमा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।
राजधानी रायपुर में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि 150 करोड़ रुपये की लागत से चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे रोजगार और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र स्थित गिधनी पाठ में विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये तथा धमतरी में सेन समाज भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्म “छत्तीसगढ़ का भीम-चिंताराम” का विशेष प्रदर्शन भी किया गया।

