3365 नशेड़ी चालकों पर कार्रवाई, एक रात में 52 धराए
रायपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस का ड्रंक एंड ड्राइव अभियान लगातार जारी है। इस वर्ष अब तक शराब पीकर वाहन चलाने वाले 3365 चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
07 जून की रात शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 52 नशेड़ी वाहन चालक पकड़े गए। इनमें 34 कार, 11 बाइक, 2 टाटा एस, 4 ट्रक और 1 पिकअप चालक शामिल हैं। सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

