जगदलपुर में 108 माओवादियों का आत्मसमर्पण, 3.29 करोड़ के इनामी भी शामिल

रायपुर, 11 मार्च। विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर में अब बंदूक नहीं बल्कि विश्वास जीत रहा है। जगदलपुर में 3.29 करोड़ रुपये के इनामी 108 सशस्त्र माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनमें 44 महिला कैडर भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयास और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के कारण बड़ी संख्या में माओवादी हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं। इससे क्षेत्र में शांति का माहौल मजबूत हो रहा है।
उन्होंने इस सफलता के लिए सुरक्षा बलों, प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई जारी है और राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर इसके पूर्ण खात्मे की दिशा में काम कर रही है।