सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 6 मार्च। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने के कड़े निर्देश दिए हैं। मंत्रालय में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने साफ कहा कि घटिया निर्माण पाए जाने पर अधिकारियों पर कार्रवाई होगी और दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण के बाद नहीं बल्कि निर्माण के दौरान ही फील्ड में जाकर नियमित निरीक्षण करने को कहा। बागबहार–कोतबा सड़क की खराब हालत पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जांच के निर्देश दिए।
साय ने टेंडर से लेकर कार्य आवंटन तक पूरी प्रक्रिया की समय-सीमा तय करने और बिलो रेट पर टेंडर लेने वाले ठेकेदारों की जवाबदेही तय करने को कहा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसे करीब 300 गांव चिन्हित हैं जो बरसात में कट जाते हैं, इन्हें सड़क और पुल-पुलियों से जोड़ना प्राथमिकता होगी।
बैठक में एनएच-43 सहित कई सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने शासकीय भवनों के निर्माण में भी आधुनिक डिजाइन और तकनीक अपनाने के निर्देश दिए।