राजनांदगांव। छुरिया थाना क्षेत्र में फर्जी फसल बीमा कराकर लाखों की रकम हड़पने के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दूसरे की जमीन, जिस पर केले की फसल लगी थी, उसे किराये पर लेना बताकर चना फसल दर्शाई और विभागीय योजना के तहत 23.28 लाख रुपये की बीमा राशि अपने खातों में डलवाई।
पुलिस के अनुसार ग्राम आमगांव स्थित रैलिस बायो एनर्जी प्रा. लि. की लगभग 50 हेक्टेयर भूमि पर केले की फसल लगी होने के बावजूद वर्ष 2024-25 में चना फसल दर्शाकर फर्जी दावा किया गया। मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में छुरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

