ज़ीरो टॉलरेंस का फिर से डंडा चला, मनगटा में अवैध शराब परोसने वालों पर बड़ी कार्रवाई

राजनांदगांव। मनगटा क्षेत्र में अवैध शराब व तेज डीजे की शिकायतों पर सोमनी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में सीएसपी अलेक्जेंडर किरो के नेतृत्व में विशेष टीम ने देर रात छापा मारकर 53 रिसॉर्ट्स की सघन जांच की।
जांच में छह रिसॉर्ट्स में अवैध रूप से शराब परोसे जाने की पुष्टि हुई। लिलिपूट, स्काई पुल, एंड विला, किम्बा फार्म, क्लाउड नाइट व फाइब्स रिसॉर्ट के संचालकों/मैनेजरों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई। मौके पर शराब सेवन कर रहे लोगों को समझाइश दी गई।
वहीं, कार्रवाई के दौरान विवाद करने वालों के विरुद्ध धारा 170/126 व 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगाशा एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।