साल्हेवारा में विद्युत वितरण कंपनी की रजत जयंती समारोह

साल्हेवारा सब स्टेशन में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व उपभोक्ता शामिल हुए। कनिष्ठ अभियंता उपासना मौर्य ने बताया कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह आयोजन किया गया।
कनिष्ठ अभियंता हरि प्रसाद जंघेल ने सूर्य सोलर योजना की जानकारी दी। वेंडर द्वारा बताया गया कि 1 किलोवाट पर 45 हजार, 2 किलोवाट पर 90 हजार तथा 3 किलोवाट पर 1.08 लाख रुपये तक की केंद्र व राज्य सरकार की सब्सिडी दी जा रही है। शेष राशि ग्रामीण बैंक ऋण से आसान किस्तों में चुकाई जा सकेगी।
मुख्य अतिथि निजाम सिंह मंडावी ने वनांचल क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति व विद्युतविहीन गांवों में शीघ्र सर्वे कर बिजली पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में नियमित बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।