बिक्री से पहले राजनांदगांव पुलिस का वार, अवैध शराब रैकेट ध्वस्त

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में मध्यप्रदेश निर्मित अवैध शराब के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने ग्राम मुसराखुर्द में दबिश देकर 62.64 बल्क लीटर नॉन ड्यूटी पेड शराब, नकली आबकारी स्टीकर, लेबल, उपकरण व शराब बिक्री की रकम जब्त की। जब्त शराब की कीमत 39,329 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में बीरबल वर्मा, चन्द्रकांत उर्फ सोनू सेन व बलबीर सिंह भाटिया को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मध्यप्रदेश की शराब पर छत्तीसगढ़ आबकारी के नकली स्टीकर लगाकर बिक्री की तैयारी में थे। पुलिस ने बिना नंबर स्कूटी, मोबाइल फोन व अन्य सामग्री भी जब्त की है।
आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम व बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में संगठित अपराध की धाराओं के तहत भी जांच की जाएगी।