जगदलपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना की शुरुआत करते हुए कहा कि अब बस्तर और सरगुजा के सुदूर अंचलवासी भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ शाह ने 34 बसों को हरी झंडी दिखाकर 250 गांवों को पहली बार बस सेवा से जोड़ने की ऐतिहासिक पहल की।
शाह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त कर विकास की ओर अग्रसर कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि योजना से ग्रामीणों को सस्ती, सुरक्षित और समयबद्ध यातायात सुविधा मिलेगी।
पहले चरण में बस्तर और सरगुजा के 11 जिलों के 250 गांवों को 34 मार्गों से जोड़ा गया है। ग्राम पंचायत से जिला मुख्यालय तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। बस संचालकों को वायबिलिटी गैप फंडिंग दी जाएगी ताकि सेवा सतत चल सके।
यह योजना समावेशी विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है जो शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच को आसान बनाएगा।
