245 आदिवासी गांवों में चलेगा ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ : कलेक्टर प्रजापति

मोहला। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ को लेकर जिला स्तरीय उन्मुखीकरण बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर ने सभी विभागों को योजनाओं की कमियों के चिन्हांकन और व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि अभियान जिले के 245 आदिवासी बाहुल्य गांवों में चलेगा, जहां आदि सेवा केंद्र स्थापित होंगे। जनभागीदारी आधारित इस अभियान में हर गांव से 20-25 सक्रिय वॉलिंटियर्स को आदि साथी के रूप में जोड़ा जाएगा, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार पर कार्य करेंगे।

कलेक्टर ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए साप्ताहिक व मासिक कार्ययोजना तैयार की जाए और सभी विभाग अपने-अपने लक्षित समूहों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, डिप्टी कलेक्टर दुकालू राम ध्रुव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।