रायपुर में फ्लैट चोरी करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार

रायपुर। शहर के आमानाका, कबीर नगर व न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन फ्लैट में चोरी करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को पुलिस ने अम्बिकापुर से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले विनोद सन्नी गौर (22) और रेयान उर्फ अमन फैय्याज शेख (20) हैं, जो घूम-घूमकर बंद फ्लैटों को निशाना बनाते थे।

आरोपियों के पास से करीब 6.20 लाख रुपये के जेवर, घड़ियां, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जब्त किया गया है। आरोपियों ने सटरलिंग होम, रॉयल रेजिन्सी और हिमालन हाईट्स समेत अन्य फ्लैटों में ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर की सूचना के आधार पर एंटी क्राइम व साइबर यूनिट की टीम ने आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इन पर अन्य चोरी की शिकायतें भी मिली हैं, जिनमें अपराध दर्ज किया जाएगा।

पुलिस टीम में निरीक्षक सुधांशु बघेल, निरीक्षक परेश पांडेय सहित एंटी क्राइम, आमानाका व कबीर नगर थानों के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।