3 अगस्त को निकलेगी भव्य कावड़ यात्रा, शिवभक्ति में रंगेगा रायपुर गुढ़ियारी से हटकेश्वर नाथ तक निकलेगी यात्रा, मुख्यमंत्री और संत महात्मा रहेंगे शामिल

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में 3 अगस्त को भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। यह आयोजन पूरी तरह धार्मिक है और इसमें सभी राजनीतिक दलों के सनातन धर्म प्रेमियों को आमंत्रित किया गया है।

यात्रा का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे गुढ़ियारी हनुमान मंदिर से होगा और यह हटकेश्वर नाथ महादेव मंदिर तक जाएगी। यात्रा मार्ग में करीब 101 स्वागत मंच, पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और विभिन्न प्रदेशों से आए कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

दिल्ली, केरला, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ के कलाकार नृत्य व झांकियों के माध्यम से शिवभक्ति का भव्य प्रदर्शन करेंगे।

महामंडलेश्वर श्री कान्हा जी महाराज पार्थिव शिवलिंग का पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता और संत महात्मा मौजूद रहेंगे।

राजेश मूणत ने सभी शिवभक्तों से समय पर पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम रहेंगे।