मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी, 4 आरोपी नागपुर से गिरफ्तार – 87 मोबाइल, नगदी व स्कूटी जब्त

रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब स्थित ‘शोभा टेलीकॉम’ दुकान में ताला तोड़कर लाखों के मोबाइल और नगदी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। वारदात में शामिल दो बालकों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुख्य आरोपी नवीन पिंजानी की गिरफ्तारी के बाद अन्य तीन आरोपी ट्रेन से महाराष्ट्र भाग रहे थे, जिन्हें नागपुर रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया गया। आरोपियों से कुल 87 मोबाइल फोन, ₹20,000 नगद व दो एक्टिवा वाहन जब्त किए गए, जिसकी कुल कीमत करीब ₹21.20 लाख आंकी गई है।

गिरफ्तार शेख इमरोज पूर्व में नकबजनी, लूट और आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है। पुलिस ने चारों के खिलाफ अपराध क्रमांक 337/25 धारा 331(4), 305 BNS के तहत मामला दर्ज किया है।

कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की, जिसमें निरीक्षक दीपक पासवान, प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।