सभापति सूर्यकान्त राठौड़ से श्रीगणेश उत्सव समितियों की मुलाकात, सांस्कृतिक पुरस्कारों की बहाली की मांग

रायपुर। शहर की संस्कृति और लोक परंपराओं को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रायपुर की 10 से 12 स्थानीय श्रीगणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी आज नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और सभापति श्री सूर्यकान्त राठौड़ से सौजन्य मुलाकात की।

पदाधिकारियों ने विगत पाँच वर्षों से बंद पड़ी श्रीगणेश उत्सव स्थल सजावट तथा झांकी विसर्जन सजावट के पुरस्कारों को दोबारा प्रारंभ करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि ये पुरस्कार न सिर्फ उत्सव समितियों के उत्साहवर्धन का माध्यम हैं, बल्कि स्थानीय मूर्तिकारों और कलाकारों को भी सांस्कृतिक मंच प्रदान करते हैं।

सभापति श्री सूर्यकान्त राठौड़ ने प्रतिनिधियों की मांग को सकारात्मक रूप से स्वीकारते हुए कहा कि शहर की संस्कृति और विरासत का संरक्षण नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने तत्काल महापौर श्रीमती मीनल चौबे, आयुक्त श्री विश्वदीप और संस्कृति विभाग के अध्यक्ष श्री अमर गिदवानी को पत्र लिखकर यह आग्रह किया कि पुरस्कार योजना को पुनः शुरू किया जाए।

सभापति ने यह भी कहा कि इस पहल से शहर में सांस्कृतिक चेतना को बल मिलेगा और नई पीढ़ी को भी पारंपरिक मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

नगर निगम द्वारा यदि यह योजना दोबारा शुरू की जाती है, तो यह न केवल कलाकारों और आयोजकों के लिए उत्साहवर्धक होगा, बल्कि रायपुर की सांस्कृतिक पहचान को भी और मजबूती मिलेगी।