अवैध शराब बिक्री पर चिचोला पुलिस की बड़ी कार्यवाही, महिला आरोपी से शराब व नगदी बरामद

राजनांदगांव, जिले में अवैध शराब की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत चिचोला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम मुंगलानी रोड स्थित लालबहादुर नगर इलाके में दबिश देकर पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 18 पाव देशी शराब व 400 रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग, अति. पुलिस अधीक्षक श्री राहूल देव शर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री आशीष कुंजाम के निर्देशन में यह कार्यवाही की गई। पुलिस चौकी चिचोला प्रभारी निरीक्षक श्री कृष्णा पाटले के नेतृत्व में 11 जून 2025 को मुखबिर की सूचना पर टीम द्वारा यह रेड की गई।

सूचना मिली थी कि एक महिला किराना स्टोर के पास लाल-नीले रंग के थैले में अवैध रूप से शराब लेकर खड़ी है और बिक्री कर रही है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने महिला को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम कविता साहू पति नंदकुमार साहू (उम्र 26 वर्ष), निवासी पाथरी, लालबहादुर नगर, थाना चिचोला, जिला राजनांदगांव बताया।

तलाशी में उसके पास से 18 पाव (प्रत्येक 180 मि.ली.) शोले प्लेन देशी शराब कुल मात्रा 3.240 लीटर और ₹400 नगद बरामद हुए। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹1840 आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(1) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जमानतीय अपराध होने के चलते मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

इस कार्यवाही में निरीक्षक कृष्णा पाटले, सउनि ए.पी. शीला एवं आरक्षक क्रमांक 1342 की सक्रिय भूमिका उल्लेखनीय रही।

चिचोला पुलिस की यह कार्यवाही जिले में अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।