अब शहर पर रहेगी 24×7 डिजिटल नजर, 62 कैमरों से लैस मॉनिटरिंग सिस्टम करेगा रियल-टाइम निगरानी
रायपुर।छत्तीसगढ़ में तकनीक के सहारे सुशासन को जमीन पर उतारने की एक और बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मुंगेली में स्मार्ट सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक अहम कदम उठाते हुए 33.15 लाख रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक सीसीटीवी नेटवर्क और एडवांस पुलिस कंट्रोल रूम का लोकार्पण किया।
अब शहर के 17 अहम लोकेशनों पर लगाए गए 62 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे हर गतिविधि पर डिजिटल नजर रखेंगे। इन कैमरों की फीड सीधे एक केंद्रीकृत और आधुनिक कंट्रोल रूम में पहुंचेगी, जिससे न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि ट्रैफिक और आपात स्थिति में त्वरित रेस्पॉन्स संभव होगा।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा, “सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक का यह उपयोग सिर्फ निगरानी नहीं, बल्कि स्मार्ट गवर्नेंस की दिशा में एक ठोस कदम है।’’ उन्होंने इसे सुशासन की रीढ़ बताते हुए कहा कि अब प्रशासन और पुलिस दोनों की जवाबदेही और क्षमता में नई धार आएगी।
कंट्रोल रूम में क्या है खास?
रियल-टाइम मॉनिटरिंग
हाई-रेजोल्यूशन कैमरा फीड
इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम
डेटा स्टोरेज और एनालिटिक्स के विकल्प
सुरक्षा के साथ-साथ ट्रैफिक भी होगा स्मार्ट
इस सिस्टम से ट्रैफिक नियंत्रण में भी बड़ा फर्क आने की उम्मीद है। कंट्रोल रूम से लाइव फीड के जरिए ट्रैफिक का रियल टाइम मैनेजमेंट किया जा सकेगा। साथ ही, घटनास्थल की पहचान कर पुलिस तुरंत एक्शन ले सकेगी।
शहर को स्मार्ट बनाने की ओर एक और कदम
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्थानीय विधायक पुन्नूलाल मोहले, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर कुन्दन कुमार और एसपी भोजराम पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुंगेली जैसे उभरते शहर के लिए यह प्रोजेक्ट सुरक्षा और प्रशासनिक दक्षता दोनों के लिहाज़ से गेमचेंजर माना जा रहा है। आने वाले समय में इसे राज्य के अन्य हिस्सों में भी लागू किए जाने की योजना है।
