कुमरदा तहसीलदार आकांक्षा साहू की कार्रवाई
राजनांदगांव । डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के आंचलों में लगातार चल रहे रेत के अवैध परिवहन पर पहली बार कुमरदा तहसीलदार ने बड़ी कार्यवाही करते हुए नदी से अवैध रूप से रेत निकाल रहे 6 वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही की है। इनमें से पांच माजदा तथा एक ट्रेक्टर को जप्त कर डोंगरगांव थाने में खड़ा करवाया गया है। इन सभी वाहनों के विरूद्ध जुर्माना आदि की कार्यवाही की जा रही है।
इस संबंध में कुमरदा तहसीलदार श्रीमती आकांक्षा साहू ने बताया कि उन्हें कुल्हाड़ी नादिया की नदी से कुछ दिनों से अवैध रूप से रेत निकासी की जानकारी मिली थी। आज उन्होंने औचक निरीक्षण किया तो ग्राम कुल्हाड़ी नादिया से होकर बहने वाली शिवनाथ नदी से रेत की अवैध निकासी करते हुए 6 वाहनों को
पकड़ा। इसकी सूचना उन्होंने उच्चाधिकारी को देने के बाद अनुविभागीय अधिकारी के निर्देश पर वाहन क्र. सीजी 09 बी 1534 चालक रामकुमार पिता मोहनलाल, सीजी 08 एई 0632 चालक नेतराम साहू आ. रामकरण साहू, सीजी 04 एलआर
7909 रेखचंद आ. छोटू अमरिया, सीजी 08 यू 7974 चालक हरीश साहू आ. राधेश्याम साहू, सीजी 08 एडी 2481 चालक महेश साहू आ. गैंदलाल तथा एक सोल्ड ट्रेक्टर वाहन चालक थायमन पिता रामसाय पटेल को पकड़ा गया।
इन सभी वाहनों में शिवनाथ नदी से रेत का दोहन कर बगैर रायल्टी पर्ची के अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था, जिसे तहसीलदार आकांक्षा साहू ने अपनी टीम के सहयोग से पकड़कर जब्त किया। कार्यवाही के दौरान उनके साथ क्षेत्र की हल्का पटवारी रितु बोरकर, आरक्षक जितेश कुमार, दीपक जटवार, कोटवार आदि उपस्थित थे। कार्यवाही के बाद सरपंच और ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा बनाया गया। पश्चात् सभी वाहनों को जब्त कर खनिज अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए डोंगरगांव थाने की अभिरक्षा में रखा गया है। राजस्व विभाग द्वारा की गई इस कार्यवाही से क्षेत्र के रेत माफिया और रेत चोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

