Big News : मुठभेड़ में 2 महिला सहित 3 नक्सली ढेर,मौके से हथियार,विस्फोटक सहित अन्य सामग्री बरामद

रायपुर। बीजापुर जिले के थाना बासागुड़ा इलाके के बलम नेड्रा के पास बेलम गुटटा के पहाड़ी में पुलिस और माओवादियों के बीच  मुठभेड़ में 3 नक्सली मारे गए।

मुठभेड़ के बाद 2 महिला माओवादी और 1 पुरूष माओवादी का शव बरामद हुआ है। मौके से हथियार, विस्फोटक सामग्री एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद हुई है। बलम नेड्रा एवं बेलम गुटटा में बासागुड़ा और मददेड़ एरिया कमेटी के माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर सुरक्षाबलों ने कार्रवाई की।

बीजापुर जिले में चलाये जा रहे माओवादी विरोधी अभियान के तहत दिनांक 19/01/2024 को थाना बासागुड़ा इलाके के बलम नेड्रा के जंगलों में मददेढ़ एरिया कमेटी DVCM विनोद कर्मा, आवापल्ली LOS राजू पुनेम, ACM विश्वनाथ, गुडडू तेलम एवं अन्य 20-25 सशस्त्र माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। डीआरजी बीजापुर एवं कोबरा 210 की संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी ।

सर्च अभियान के दौरान दिनांक 20/01/2024 के सुबह 7.30 बजे बेलम गुटटा के पहाड़ी  में पुलिस और माओवादियों के बीच हुए मुठभेड़  में मददेड़ एरिया कमेटी के सक्रिय माओवादी जिसमें 2 महिला माओवादी एवं 1 पुरूष माओवादी को मार गिराने में पुलिस को सफलता मिली। मौके पर सर्चिंग के दौरान 2 भरमार, 1 पिस्टल,5 नग जिंदा कारतूस, 15 नग जेलेटिन, 5 नग डेटोनेटर, कोडेक्स वायर 15 मीटर, विस्फोटक पदार्थ, माओवादी साहित्य, माओवादी वर्दी, पीटठू एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद किया गया। क्षेत्र में सघन गश्त सर्चिंग अभियान जारी है।