जोरा-लाभांडी गाँव के लोग भी अब फ़ुंडहर गौठान में बेच सकेंगे गोबर, प्रभारी मंत्री चौबे ने बनाई व्यवस्था

 

 

रायपुर 10 जनवरी 2023/ रायपुर नगर निगम सीमा के जोरा और लाभांडी गाँव के लोग भी अब फ़ुंडहर गौठान में गोबर बेच सकेंगे। ज़िले के प्रभारी मंत्री और कृषि मंत्री  रविंद्र चौबे ने आज ज़िला योजना समिति सह समीक्षा बैठक में इस बारे में व्यवस्था बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। प्रभारी मंत्री ने ज़िले में चल रही शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और उपलब्धियों की भी समीक्षा की। उन्होंने शासकीय योजनाओं को तेज़ी से क्रियान्वित कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में रायपुर ग्रामीण के विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा ने जोरा और लाभांडी गाँव के पशु पालकों की गोबर बेचने की समस्या का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि इन दोनों गाँवो के पशुपालक फ़ुंडहर के गौठान में गोबर नहीं बेच पा रहे है, जिससे उन्हें भारी नुक़सान उठाना पड़ रहा है। प्रभारी मंत्री श्री चौबे ने तत्काल इसका सामाधान करते हुए फ़ुंडहर गौठान में गोबर ख़रीदी की व्यवस्था करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। उन्होंने यह भी कहा की जोरा फ़ुंडहर की दूरी अधिक होने के कारण,यदि सम्भव हो तो जोरा-लाभांडी गाँव के पशु पालकों के लिए अलग गोबर ख़रीदी केंद्र शुरू किया जाए। इस बैठक में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्य़क्ष  कुलदीप जुनेजा, रायपुर नगर निगम के महापौर  एजाज ढेबर, बीरगाँव नगर निगम के महापौर  नन्दलाल देवांगन, ज़िला पंचायत अध्यक्ष  डोमेश्वरी वर्मा, अभनपुर के विधायक  धनेंद्र साहू, धरसीवाँ विधायक  अनीता शर्मा सहित कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर भूरे, ज़िला पंचायत के सीईओ  आकाश छिकारा, नगर निगम आयुक्त  मयंक चतुर्वेदी और अन्य जनप्रतिनिधि तथा ज़िला स्तरीय अधिकारी भी शामिल हुए।