रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह इलाके में पूर्व गृहमंत्री से उलझने के मामले में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। कार सवार युवक ओवरटेक की बात पर बीच सडक में कार रोककर पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के ड्राइवर से उलझ गया था। युवक की इस बदसलूकी से खफा पूर्व गृहमंत्री ने थाने में शिकायत दर्ज कराकर कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए थे।
पुलिस के मुताबिक 23 मार्च को दोपहर लगभग 4 बजे थाना खम्हारडीह क्षेत्र के अनुपम नगर चौक पास रामपुर (कोरबा) विधायक ननकीराम कंवर के वाहन चालक के साथ क्रेटा वाहन क्रमांक सीजी/04/एन व्ही/2156 के चालक ने ओव्हर टेक की बात को लेकर झगड़ा किया था। विधायक के सुरक्षा अधिकारी की लिखित शिकायत पर थाना खम्हारडीह पुलिस ने क्रेटा वाहन क्रमांक सीजी/04/एनव्ही/2156 के चालक अभिषेक सचदेव (21 साल) निवासी ड्रीम सिटी कचना थाना खम्हारडीह रायपुर के खिलाफ थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने धारा 341, 294 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की गिरफ़्तारी की है।

