रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त मयंक चतुर्वेदी ने नगर निगम जोन क्रमांक 9 के तहत आने वाले शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब मिली। वार्ड के कई स्थानों पर कचरे के ढेर होने औऱ एक्सप्रेस वे के पास सेप्टिक टेंक से गंदा पानी बहाव विगत कई दिनों से होना पाया गया। इन कार्यों में नगर निगम जोन 9 में पदस्थ स्वच्छता निरीक्षक महेंन्द्र कुमार कालिहारी और प्रभारी वार्ड सुपरवाइजर दिनेश कुमार दैतारी की लापरवाही पर आयुक्त मयंक चतुर्वेदी ने दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में नगर पालिक निगम के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार निलंबन भत्ता देय होगा एवं उक्त अवधि में इनका नगर निगम स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय रहेगा।
