राजनांदगांव/ 27 अक्टूबर 26
जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन और खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में राजनांदगांव जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम झूरा डबरी में अवैध रूप से मुरुम का उत्खनन और परिवहन करते हुए वाहनों को पकड़ा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम झूरा डबरी क्षेत्र में बिना किसी वैध अनुमति और रॉयल्टी पर्ची के धड़ल्ले से मुरुम का अवैध खनन किया जा रहा था। सूचना मिलते ही संबंधित प्रशासनिक अमले ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मौके से एक जेसीबी मशीन (उत्खनन कार्य में प्रयुक्त) और दो हाइवा गाड़ियाँ (मुरुम परिवहन में संलिप्त) को ज़ब्त किया गया है। ज़ब्त किए गए सभी वाहनों को स्थानीय थाने के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खननकर्ताओं और संलिप्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत कड़ा जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस तरह की ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

