अंबिकापुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को अंबिकापुर में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की समीक्षा की और कार्यस्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव ने वर्षा ऋतु को देखते हुए सड़कों की मरम्मत, गड्ढा भराई और पुल-पुलियों के रखरखाव को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने अंबिकापुर बायपास, अंडरपास और पुल निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भवन निर्माण कार्य को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधोसंरचना से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

