शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में 28 फरवरी को वार्षिक उत्सव, ‘अभ्युदय’ पत्रिका का होगा विमोचन

राजनांदगांव।शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय में आगामी वार्षिक उत्सव एवं पदक वितरण समारोह की तैयारी को लेकर जनभागीदारी समिति की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक जनभागीदारी अध्यक्ष रवि सिन्हा एवं प्रभारी प्राचार्य श्रीमती निर्मला उमरे की उपस्थिति में हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वार्षिक उत्सव 28 फरवरी को महाविद्यालय परिसर में पारंपरिक एवं भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच सज्जा, अतिथि सत्कार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं पदक वितरण व्यवस्था पर चर्चा की गई। इसी अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘अभ्युदय’ के विमोचन का भी निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद संतोष पाण्डेय तथा अध्यक्षता महापौर मधुसूदन यादव करेंगे। विभिन्न जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। समिति सदस्यों ने आयोजन को गरिमामय एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।