रायपुर। प्रदेश के नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई कर्मकारों को अब श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के निर्देश पर सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को पात्र कर्मियों का असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
ईएसआईसी और ईपीएफ की पात्रता से वंचित सफाई कर्मी “श्रमेव जयते” पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वर्तमान में मंडल में 59 हजार से अधिक सफाई कर्मकार पंजीकृत हैं।
मंडल द्वारा 9 योजनाओं के तहत मातृत्व सहायता, मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता, गंभीर बीमारी उपचार, उपकरण सहायता, कौशल उन्नयन, श्रम अन्न योजना सहित बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, साइकिल और विशेष कोचिंग जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सफाई कर्मियों का सम्मान, सुरक्षा और समग्र कल्याण सरकार की प्रतिबद्धता है, कोई भी पात्र कर्मी योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा।

