रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नया रायपुर में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ टेक स्टार्ट 2025’ कार्यक्रम में कहा कि राज्य तकनीकी नवाचार और उद्यमिता का नया पावर सेंटर बन रहा है। उन्होंने ‘आइडियाथॉन 2025’ के विजेताओं को सम्मानित किया और स्टार्टअप इकाइयों को पार्टनरशिप एक्सचेंज के समझौता पत्र सौंपे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ का लक्ष्य तय किया है। राज्य में 350 से अधिक सुधारों के साथ ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस को मजबूत किया गया है। उन्होंने बताया कि आइडियाथॉन 2025 में 1800 से अधिक स्टार्टअप आइडिया प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने आदर्श वर्मा, जागृति-नरेंद्र शर्मा और अथर्व दुबे सहित विजेता नवाचारकर्ताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर, रुंगटा बिजनेस इनक्यूबेटर और आईजीकेवीआर को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने एआई आधारित नवाचार स्टॉलों का अवलोकन कर युवाओं की सराहना की और कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रहे हैं।
मुख्य सचिव श्री विकास शील ने कहा कि नई औद्योगिक नीति 2024 के तहत नवाचार, निवेश और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, उद्यमी और तकनीकी विशेषज्ञ बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
